
द्रप्रयाग। डेढ़ दशक से अधर में लटके गढ़ीधार-उडामांडा मोटर मार्ग के निर्माण कार्य को शुरू कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लोनिवि सिंचाई खंड के ईई का घेराव किया। साथ ही उन्होंने शीघ्र रोड कटिंग शुरू नहीं किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार सुबह दशज्यूला कांडई के लोग पीएमजीएसवाई की सड़कों का निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था लोनिवि सिंचाई खंड कार्यालय में आ धमके। उन्होंने ईई का घेराव करते हुए रोष जताया कि गढ़ीधार-उडमांडा मोटर मार्ग की निर्माण प्रक्रिया पिछले 15 साल से कागजों में चल रही है। यदि यह धरातल में उतरती है तो थपलगांव, बिजराकोट, बौरा, टुखिंडा, कटमिणा, महड़ और ढुंग सहित अन्य गांवों के लोगों को सात किमी पैदल नहीं चलना पड़ेगा। ईई विनोद कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए वन भूमि का हस्तांतरण होना है। यह प्रक्रिया अंतिम चरणों में है। कुछ दिन में वह स्वयं वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के नोडल ऑफिस लखनऊ जाकर इस पर कार्रवाई कराएंगे। घेराव करने वालों में जयपाल सिंह चौहान, लखपत चौहान, बलवंत, उम्मेद, मानवेंद्र नेगी, दलीप बिष्ट, जीतराम और महेंद्र बिष्ट आदि शामिल थे।
