
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर क्षेत्र के संधोल कस्बे में केबल चोर गिरोह सक्रिय है। चोरों ने बीएसएनएल की करीब 2750 मीटर केबल चुरा ली, जिससे क्षेत्र के दर्जनों उपभोक्ताओं के लैंडलाइन फोन डेड पड़े हैं। बीएसएनएल अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
चोरों ने धलारा से 10 पेयर की 200 मीटर, धलारा के पास ही 10 पेयर की 150 मीटर, संधोल में 10 पेयर की 1200 मीटर, झंगी में 10 पेयर की 400 मीटर, 20 पेयर की 250 मीटर और संधोल में ही 10 पेयर की 750 मीटर केबल चुराई है। इससे बीएसएनएल को करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
धर्मपुर स्थित बीएसएनएल के सहायक अभियंता संजीव शर्मा ने केबल चोरी होने की पुष्टि करते हुए कहा कि चोर बार-बार केबल चोरी कर रहे हैं, जिससे विभाग को लाखाें का नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि इसकी सूचना पुलिस चौकी संधोल को कर दी गई है। डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने सूचना मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने चोरों की धरपकड़ के लिए जाल बिछा दिया है। उन्हाेंने स्थानीय जनता से भी अपील की कि अगर कोई भी अज्ञात व्यक्ति इलाके में घूमता हुआ मिलता है तो इसकी सूचना पुलिस को दें।
