30 करोड़ से चमकेगा चंबा

चंबा। एक हजार वर्ष पुराने चंबा शहर की सड़कें, गलियां, नालियां व फुटपाथ जल्द चकाचक नजर आएंगे। दरअसल, शहरी विकास मंत्रालय ने प्रदेश के आठ शहरों की मौजूदा व्यवस्था को सुधारने, मरम्मत व निर्माण कार्यों के आदेश जारी किए हैं। लोक निर्माण विभाग को इन शहरों के जरूरी मरम्मत व निर्माण कार्य का खाका तैयार करने के आदेश भी मिल चुके हैं। प्रदेश के आठ शहरों में चंबा शहर का भी नाम है। शहरी विकास मंत्रालय के आदेश मिलते ही चंबा लोनिवि ने इस दिशा में कवायद शुरू कर दी है। यह समस्त कार्य अर्बन इंफास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम फार स्माल एंड मीडियम टाउन एंड सीटीज के तहत होगा। विभाग इन दिनों शहर की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर रहा है। इसके लिए स्वयंसेवी संस्थाओं, समूहों व वरिष्ठ नागरिकों से भी लोनिवि सुझाव ले रहा है। शहरी विकास मंत्रालय भारत सरकार की इस योजना के तहत ऐतिहासिक धरोहर को जाने वाले रास्ते, सड़क, फुटपाथ, रेन शेल्टर और नगर परिषद क्षेत्र के अधीन आने वाले मुख्य व संपर्क मार्गों की दशा सुधारी जाएगी। लोनिवि के एसडीओ जेएस ठाकुर ने बताया कि कार्यालय में आयोजित बैठक में नप के पदाधिकारियों ने भी काफी सुझाव विभाग के समक्ष रखे हैं, जिन्हें नोट कर लिया गया है। सूत्रों की मानें तो शहरी विकास मंत्रालय एक शहर के कायाकल्प के लिए करीब 30 करोड़ रुपये का बजट जारी करेगा और इससे शहर में समस्त जरूरी कार्यों को अंजाम दिया जाएगा। विभाग द्वारा तैयार डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट सैद्धांतिक मंजूरी के लिए शहरी विकास मंत्रालय के डायरेक्टर के पास जाएगी। मंत्रालय की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाएगा।
उधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता एमके मिन्हास ने बताया कि मंत्रालय के आदेशानुसार प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जा रही है। समस्त तकनीकी बिंदुओं और लोगों के सुझावों के मद्देनजर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद रिपोर्ट मंजूरी के लिए भेजी जाएगी।

Related posts