प्रोजेक्ट में लगे सुरक्षा कर्मी की संदिग्ध अवस्था में मौत

पालमपुर/पंचरुखी (कांगड़ा)। स्पैड़ू गांव आवा खड्ड पर बने एक प्रोजेक्ट में तैनात सुरक्षा कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के मुताबिक आवा खड्ड में बने प्रोजेक्ट में तैनात सुरक्षा कर्मी भूपेश कुमार पुत्र नत्थू राम निवासी उतराला वीरवार को कमरे के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। इसका पता चलते ही प्रोजेक्ट के सिक्योरिटी अधिकारी ने पंचरुखी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पंचरुखी पुलिस चौकी प्रभारी भूप सिंह सेन के नेतृत्व में पहुंची टीम ने भूपेश कुमार के शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने वहां पर बंद पड़े दो हीटर, एक खाली शराब की बोतल और गिलास देखा। साथ ही सुरक्षा कर्मी के शरीर का आगे का हिस्सा और कपड़े जले हुए थे। जिस पर आशंका जताई गई है कि सुरक्षा कर्मी की मौत करंट लगने, दम घुटने या जलने से हुई है। पुलिस ने वहां से दो हीटर, सुरक्षा कर्मी के जले कपड़े, वहां की राख, शराब की बोतल और गिलास को अपने कब्जे में ले लिया है। उधर, डीएसपी पालमपुर नवदीप सिंह ने कहा कि पुलिस ने फिलहाल धारा 174 के तहत कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने वहां से बरामद की गई चीजों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related posts