
अंद्रेटा, पंचरुखी (कांगड़ा)। विश्व विख्यात कलाकार शोभा सिंह की नगरी अंद्रेटा में शराब माफिया को सबक सिखाने में जुटी महिला शक्ति खुल कर सामने आ गई है। शाम ढलते ही रात के अंधेरे में इन महिलाओं ने शराब माफिया के खिलाफ अभियान छेड़ एक नई शुरुआत की है। इन महिलाओं ने गांव में शराब माफिया से निपटने के लिए दो टीमें बनाई हैं। यह महिला टीमें अपनी बारी-बारी से गांव में शराब माफिया और नशाखोरी के खिलाफ रात को पहरा देंगी। महिलाओं ने ऐलान कर दिया है कि गांव में सात बजे के बाद कोई दुकान नहीं खुलेगी। सूत्र बताते हैं कि अंद्रेटा गांव में बढ़ रही शराबखोरी से तंग महिलाओं ने अब स्वयं इससे निपटने का बीड़ा उठाया है। जिसके चलते पंचायत प्रधान समेत महिला मंडलों की महिलाओं ने नशे की गर्त में लोगों को धकेल रहे शराब माफिया को मिटाने की शपथ ले रखी है। यह महिलाएं टुकड़ी में गांव की हर चौखट पर पहरा दे रही हैं। हर आने-जाने वाले से पूछताछ भी कर रही हैं। उधर, पंचायत प्रधान रजनी देवी ने कहा कि शराब माफिया से तंग महिलाओं ने यह अभियान छेड़ा है, जो पूरा करके छोड़ेंगी।
