
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। परागपुर के निकट गांव छड़ोल में ट्रैक्टर पलटने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। महिला को 108 नंबर एंबुलेंस से सिविल अस्पताल देहरा में लाया गया। हादसे में एक प्रवासी महिला और स्थानीय ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बुधवार शाम करीब छह बजे बजरी से भरा एक ट्रैक्टर ट्राली (एचपी 36बी-3055) परागपुर से गढ़ संपर्क मार्ग की तरफ गांव छड़ोल की ओर आ रहा था। इस पर चालक सहित करीब चार लोग सवार थे। ट्रैक्टर अचानक छड़ोल के निकट पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक दलजीत सिंह (45) पुत्र रघुवीर सिंह निवासी गांव गढ़ (परागपुर) और प्रवासी मजदूर महिला पूनम (16) पुत्री बैजू साहनी गांव नेहर जिला दरभंगा (बिहार) की मौके पर ही मौत हो गई। इन दोनों की मौत ट्रैक्टर के नीचे दबने से हुई है। हादसे में एक अन्य महिला अनीता कुमारी (35) पत्नी बैजू साहनी निवासी नेहर जिला दरंभगा (बिहार) गंभीर रूप से घायल हो गई। इसे एंबुलेंस के जरिये सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया गया। यहां पर इनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, ट्रैक्टर पर सवार चौथे शख्स की पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि, बताया जा रहा है कि चौथा व्यक्ति सही सलामत है। हादसे के बाद मृतक दलजीत सिंह के घर मातम का माहौल है। वह अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। डीएसपी देहरा बीडी भाटिया और थाना प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
