
कुल्लू। बर्फबारी से निपटने के लिए लोक निर्माण विभाग ने तैयारी कर ली है। इसी के तहत विभाग ने
अपने करीब तीन सौ मजदूरों की छुट्टियों को रद करने का फरमान जारी कर दिया है। बर्फबारी के दौरान अति महत्वपूर्ण औट-लुहरी राज्य मार्ग-11 सहित बंजार-छतरी वाया गाड़ागुशैणी, आनी-रोहाचला आदि मार्ग बंद हो जाते हैं। इनको समय रहते बहाल करने के दृष्टिगत विभाग ने मजदूरों की छुट्टियों को रद किया है। इसके लिए जहां विभाग ने मशीनरी भी मौके पर तैनाती कर दी है, वहीं सभी मजदूरों को भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। लोनिवि बंजार के सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि बर्फबारी होने की स्थिति में उनकी पहली प्राथमिकता औट-लुहरी मार्ग को जल्द से जल्द खोलने की रहती है। ऐसे में उन्होंने अपने 210 मजदूरों की छुट्टियों को रद कर दिया है तथा स्थिति से हर हाल में निपटने के आदेश दिए हैं। गुप्ता ने कहा कि विभाग ने सोझा के पास एक जेसीबी तथा एक डोजर को तैनात कर दिया है। इसके अलावा 60 मजदूरों की भी ड्यूटी लगा दी है। उधर, लोनिवि आनी के सहायक अभियंता डीआर काश्यप ने कहा कि विंटर सीजन को देखते हुए फील्ड स्टाफ को अवकाश पर जाने से मना कर दिया गया है। करीब नब्बे मजदूरों सहित सभी स्टाफ को बर्फ से बंद होने पर महत्वपूर्ण औट-लुहरी मार्ग तथा आनी-रोहाचला मार्ग को तुरंत खोलने के आदेश जारी किए गए हैं। जलोड़ी दर्रा के साथ जीरो प्वाइंट के पास एक डोजर तथा जेसीबी की तैनाती कर दी गई है। जाड़े के दिनों जिला मुख्यालय को जोड़ने वाला औट-लुहरी राज्य मार्ग-11 जो 10281 फुट ऊंचे जलोड़ी दर्रा से होकर गुजरता है तथा 9500 फुट ऊंचा आनी-रोहाचला तथा इतना ही ऊंचा बंजार-छतरी मार्ग वाया गाड़ागुशैणी बर्फ बारी से बंद हो जाते हैं। ऐसे में जिला की करीब 70 पंचायतों के लोगों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट जाता है।
