अतिक्रमण पर प्रशासन का रुख सख्त

कोटद्वार। शहर में स्टेशन रोड और झंडाचौक बाजार को अतिक्रमणमुक्त करने के एक दिन बाद बुधवार को तहसील प्रशासन और नगर पालिका ने नजीबाबाद रोड और देवीरोड पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान का असर यह रहा कि सड़कें खुली-खुली नजर आ रही हैं। पिछले तीन दिन से शहर में जाम लगने की नौबत नहीं आई। स्थानीय नागरिकों ने सरकारी मशीनरी की इस कवायद का स्वागत किया है। कहा कि अब लोग सड़कों पर अच्छी तरह से आवाजाही कर पा रहे हैं।
बुधवार को तहसीलदार वेदपाल सिंह, नायब तहसीलदार अनिल सिंह नेगी की अगुवाई में नगर पालिका और कोतवाली पुलिस की टीम ने नजीबाबाद रोड और देवीरोड पर पसरे अतिक्रमण को बलपूर्वक हटाया। इस दौरान व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा। पुलिस प्रशासन और फोर्स को देखते हुए अधिकतर व्यापारी खुद ही अपने खोमचे और सड़कों पर सजाया गया सामान हटाने लगे। अतिक्रमण हटाने के दौरान कई जगहों पर टीम को विरोध का सामना भी करना पड़ा, मगर प्रशासन अतिक्रमण को लेकर कोई समझौता करने को तैयार नहीं हुआ। करीब तीन घंटे की मशक्कत में टीम ने दोनों सड़कों को अतिक्रमणमुक्त कर दिया।
प्रशासन के अतिक्रमण हटाओ अभियान का नगरवासियों ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि पहली बार सख्ती से चले अभियान का असर सड़कों पर नजर आया है। स्टेशन रोड, झंडाचौक पर सड़कें खुली-खुली नजर आईं, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य विनीता भट्ट, डीआईसी कालोनी निवासी सरिता बलूनी, विजयलक्ष्मी भट्ट समेत कई महिलाओं ने प्रशासन की पहल का स्वागत किया है। उन्होंने मालिनी मार्केट, गोखले मार्केट और उमानंद मार्केट से भी सड़कों और फुटपाथ पर पसरे अतिक्रमण को हटाने की मांग की है। कहा कि सड़कों के किनारे नालियों से भी अतिक्रमण हटना चाहिए, ताकि उनकी नियमित सफाई हो सके।
उधर, नगर उद्योग व्यापार मंडल ने अतिक्रमण हटाने के मामले में स्थानीय प्रशासन पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया है। अध्यक्ष राकेश गर्ग गिल्डर, सचिव लाजपतराय भाटिया और कोषाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान में व्यापार मंडल ने प्रशासन को भरपूर सहयोग दिया। पहले लाउडस्पीकर लगाकर अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी भी दी, मगर कई जगह पर अतिक्रमण हटाने के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न किया गया, जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। कहा कि प्रशासन के रवैये में सुधार नहीं हुआ तो उसकी सभी बैठकों का बहिष्कार किया जाएगा।
उधर, एसडीएम पीएस राणा ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के मसले पर शुक्रवार को 11 बजे तहसील सभागार में व्यापारियों और उनके घटक संगठनों की बैठक बुलाई गई है।

Related posts