जश्न के लिए तैयार है पहाड़ों की रानी

शिमला। क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए हिल्सक्वीन पूरी तरह तैयार हो गई है। शहर के प्रतिष्ठित होटलों में क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। होटलोें में पार्टियों के साथ प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। इसके अलावा खाने पीने के शौकीनों के लिए होटलों में खास व्यंजन तैयार किए जाएंगे। क्रिसमस से पहले शहर में सैलानियों की आवक में भी इजाफा हुआ है। मैदानी इलाकों से भारी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचने शुरू हो गए हैं। सड़क और रेल मार्ग से भारी संख्या में सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं। होटिलियर एसोसिएशन शिमला के अध्यक्ष हरनाम सिंह कुकरेजा ने बताया कि क्रिसमस और न्यू ईयर पर भारी संख्या में सैलानियों के शिमला पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि बर्फबारी न होने के कारण सैलानियों को मायूसी हाथ लग रही है। पर्यटन विभाग के निदेशक मोहन चौहान ने बताया कि क्रिसमस और न्यू ईयर पर शिमला पहुंचने वाले सैलानियों को किसी प्रकार की दिक्कत पेश न आए इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।

ट्रिपल एच में डीजे म्यूजिक नाइट
राजधानी शिमला के प्रतिष्ठित होटल हाली डे होम में क्रिसमस के मौके पर डीजे म्यूजिक नाइट का आयोजन किया जाएगा। मेहमानों के लिए डायन एंड डांस प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। बेस्ट डांस करने वाले जोड़ों को पुरस्कृत किया जाएगा।

पीटरहाफ में परोसे जाएंगे लजीज व्यंजन
होटल पीटरहाफ में क्रिसमस और न्यू ईयर पर मेहमानों को लजीज व्यंजन परोसे जाएंगे। होटल प्रबंधन नेे 30 से अधिक विशेष व्यंजनों का रिच मेन्यू तैयार किया गया है। इसके अतिरिक्त मेहमानों को एक दर्जन स्पेशल जूस, कोल्ड ड्रिंक्स, स्वीट्स और सूप भी परोसे जाएंगे।

सैलानियों को गाइड करेगी ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन
क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए शिमला पहुंचने वाले सैलानियों से किसी तरह की ठगी न हो इसके लिए ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन सैलानियों को गाइड करेगी। एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद ने बताया कि ट्रेवल एजेंटों की टीमें गठित कर सैलानियों को जागरूक किया जाएगा ताकि उनके साथ लूट खसोट न हो, इसके अलावा सैलानियों को पुलिस, पर्यटन विभाग सहित अन्य आवश्यक फोन नंबर भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।

रिट्स डिस्कोथेक में मेहमानों को सरप्राइज गिफ्ट
क्रिसमस का त्योहार शहर के जाने माने रिट्स फुटलूस डिस्कोथेक में जोर शोर से मनाया जाएगा। क्रिसमस पर डिस्कोथेक में डांस कंपीटीशन आयोजित होगा। डिस्कोथेक के संचालक विरेंद्र मित्तल ने बताया कि मेहमानों को सरप्राइज गिफ्ट दिए जाएंगे और डांस कंपीटीशन में बेस्ट डांसिंग कपल, बेस्ट ड्रेसड कपल, पेपर एंड बैलून डांस के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

Related posts