डेढ़ साल बीता, वेतन नहीं मिला

होली (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर-पांगी में पीरियड आधार पर रखे गए शिक्षकों को 15 महीने से मानदेय नहीं मिला है। सितंबर, 2012 में स्कूल प्रबंधन समिति की ओर से भरमौर व पांगी में कुल 25 शिक्षको की पीरियड के आधार नियुक्ति की गई थी। ये सभी शिक्षक सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के छात्र-छात्राओं को पढ़ा रहे हैं, लेकिन वेतन के नाम पर उन्हें कुछ नहीं मिल रहा है। हालांकि प्राइमरी व हाई स्कूलों में पीरियड आधार पर रखे गए शिक्षकों को मानदेय मिल रहा है। एसएमसी पीरियड बेसिक शिक्षक संघ इकाई भरमौर के प्रधान अनूप, महासचिव विकास, वीरेंद्र, मेघ सिंह, सीता राम, मदन और यादव ने बताया कि कोर्ट ने लगभग चार माह पहले सरकार को पीरियड आधार पर रखे गए शिक्षकों का मानदेय जारी करने के निर्देश जारी किए थे। इसके बावजूद अभी तक उन्हें मानदेय नहीं मिला है। इस कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वे स्कूलों में पूरी इमानदारी के साथ सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन बदले में उन्हें कुछ नहीं मिल रहा है। इस कारण घर का खर्चा चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि जब उनकी नियुक्ति की गई थी, तो सरकार ने छह हजार रुपये मासिक वेतन देने की बात कही थी, लेकिन पिछले 15 माह से उन्हें मानदेय नहीं मिला है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग से की है कि शिक्षकों को जल्द मानदेय दिया जाए। उधर, उच्च शिक्षा उप निदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि संबंधित स्कूलों के मुखिया लिखित में शिक्षा विभाग को अवगत करवाएं। इसके बाद विभाग की ओर से उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts