कुछ लोग व्यापारियों को कर रहे हैं गुमराह : गुप्ता

रामपुर बुशहर। व्यापार मंडल के अध्यक्ष हरीश गुप्ता ने कहा कि वह व्यापार मंडल के चुनाव के विरोध में नहीं है। इसके लिए पहले सभी व्यापारियों का सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा। जिसके बाद व्यापारियों का एक हाउस बुलाया जाएगा जिसके बाद चुनाव का फैसला लिया जाएगा। हरीश गुप्ता रामपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग व्यापारियों को गुमराह कर रहे हैं। उन्हें नियम अनुसार अध्यक्ष चुना गया है। वहीं उन्होंने कहा कि व्यापारी व्यापार मंडल को 20 रुपये सदस्यता शुल्क देने में असमर्थ हैं जिसके चलते सदस्यता नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि पहले व्यापारियों को सदस्य बनाया जाएगा। हालांकि नए सदस्यों को वोट देने का अधिकार नहीं होगा। इसके बारे में हाउस में ही तय किया जाएगा कि वोट देने का अधिकार दें या नहीं। वहीं दोनों गुटों में साथ बैठक कर बात भी की जाएगी ताकि आपस की लड़ाई को खत्म कर व्यापारियों के हित के बारे में सोचा जा सके। इसके लिए भी दोनों गुटों में जल्द ही बैठक का आयोजन किया जाएगा। जबकि जनरल हाउस का आयोजन भी इसी माह के अंत तक कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में व्यापार मंडल के पास 127 सदस्य पंजीकृत हैं। इस मौके पर उनके साथ सुरेंद शर्मा, अश्वनी मित्तल, नवनीत अग्रवाल और सुनील शर्मा भी मौजूद थे।

Related posts