समय पर नहीं मिल रहा सस्ता राशन

तीसा (चंबा)। डिपो होल्डर यूनियन तीसा के सदस्य यूनियन के अध्यक्ष बशीर मोहम्मद की अध्यक्षता में एसडीएम तीसा राजेश कुमार से मिले। इस मौके पर उन्होंने एसडीएम को अपनी समस्याओं से अवगत करवाया व उपायुक्त को ज्ञापन भेजा। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से उपमंडल तीसा के डिपो होल्डर की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि तीसा में मौजूदा समय में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के 64 डिपो चल रहे हैं, लेकिन इन डिपो में न तो समय पर राशन पहुंचता है और राशन आता भी है तो आधा अधूरा। उन्होंने कहा कि पिछले तीन, चार माह से डिपुओं में गेंहू और चावल के अलावा पर्याप्त मात्रा में कुछ नहीं पहुंच रहा है। चीनी की सप्लाई भी ठप हो गई है। उन्होंने कहा कि राशनकार्ड धारक रोज-रोज उनके पास पहुंचते हैं, लेकिन डिपुओं में राशन की सप्लाई न पहुंचने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के हजाराें राशनकार्ड धारकों को दुकानों से महंगे दाम पर राशन खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि डिपुओं में जल्द पर्याप्त मात्रा में राशन की सप्लाई नहीं भेजी, तो वे इसकी शिकायत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से करेंगे। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से उपायुक्त से मांग की है कि जल्द तीसा के डिपुओं में पर्याप्त मात्रा में राशन उपलब्ध करवाया जाए। उधर, एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि उनका मांग पत्र उपायुक्त को प्रेषित कर दिया गया है जल्द उनकी समस्या का समाधान हो जाएगा। इस अवसर पर डिपो होल्डर वीरेंद्र, कर्म सिंह, केवल कृष्ण, हरदेव, हरीश कुमार, देस राज, हरदयाल और रमेश मौजूद रहे।

Related posts