सैनिक सम्मान के साथ सैनिक का दाह संस्कार

चामुंडा/पालमपुर (कांगड़ा)। अप्पर डाढ में रविवार रात नायब सूबेदार की हत्या के मामले में पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। अभी तक इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। जबकि, मृतक फौजी का नंदीकेश्वर धाम चामुंडा में पोस्टमार्टम के बाद सैनिक सम्मान के साथ दाह संस्कार कर दिया गया है। रविवार रात को अप्पर डाढ के चमोटू गांव के सेना में तैनात सूबेदार विनोद कुमार की हत्या हुई थी। विनोद कुमार का शव सड़क किनारे नग्न अवस्था में मिला था। जबकि, उसके कपड़े करीब आधा किलोमीटर दूर डाढ चौक पर मिले थे। पुलिस ने सोमवार को तथ्यों को देखते हुए हत्या का मामला दर्ज किया था। अभी तक छानबीन में जुटी पुलिस के हाथ किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उधर, सोमवार को चामुंडा नंदीकेश्वर धाम में पोस्टमार्टम के बाद नायब सूबेदार विनोद कुमार का अंतिम संस्कार सैनिक सम्मान के साथ किया गया। योल से आई सेना की टुकड़ी ने अपने साथी को बंदूकों से सलामी दी। उधर, डीएसपी नवदीप सिंह ने कहा कि पुलिस हर तथ्य की बारीकी से जांच कर रही है। जल्द ही मृतक की मौत का पता चल जाएगा।

Related posts