
नगरोटा बगवां (कांगड़ा) प्रदेश राजकीय अध्यापक संघ ने 4-9-14 के टाइम बाउंड निपटारे, पदोन्नति तथा वरिष्ठता सूची शीघ्र जारी करने की मांग की है। संघ के जिलाध्यक्ष सरोज मेहता की अध्यक्षता में मटौर में सोमवार को हुई जिला कार्यकारिणी तथा खंड अध्यक्षों की बैठक में मांग को लेकर शिक्षा उपनिदेशक से शीघ्र ही प्रतिवेदन समिति की बैठक करने का भी निर्णय लिया गया।
मेहता ने बताया कि अन्य कई मांगोें पर चर्चा करके प्रदेश सरकार तथा शिक्षा विभाग से उन्हें अतिशीघ्र पूरा करने की मांग की गई। उन्हाेंने बताया कि डाइट धर्मशाला की कार्यशालाएं उचित समय पर लगवाकर उन्हें उपमंडल स्तर पर करवाने, कलस्टर स्तर पर होने वाली वार्षिक परीक्षाओं के लिए सैंपल पेपर प्रकाशित करवाने, बोर्ड परीक्षाओं में सभी विषयों में मल्टीपल वाउंस प्रश्न डालने, अध्यापकों को परीक्षा ड्यूटी के लिए उचित मेहनताना दिलवाने, विद्यालयों की वार्षिक परीक्षाएं उचित समय पर करवाने, कांट्रेक्ट अध्यापकों को तीन वर्ष में नियमित करने तथा स्थायीकरण प्रक्रिया को सुचारु करने की मांग रखी गई।
उन्होंने बताया कि बैठक में राज्य स्तर पर चुनाव ड्यूटी में कर्मचारियों को आने वाली परेशानियों के संबंध में चुनाव आयोग को ज्ञापन देने के सुझावों पर विशेष चर्चा हुई। खेलकूद प्रतियोगिताओं तथा एनएसएस कैंपों में महिला कर्मचारियों तथा छात्राओं को आने वाली परेशानियों के कारण इन कार्यक्रमों पर नए सिरे से विचार करने पर भी चर्चा हुई। बैठक मेें संघ के प्रदेश महासचिव संजय कपूर, मुख्य संरक्षक किशोरी लाल, उपप्रधान अश्वनी बत्तरा, बाल कृष्ण, अजय शर्मा, संगठन सचिव सीता राम, कोषाध्यक्ष सुरेश नरयाल के अलावा विभिन्न खंड प्रधानों में मनोज सूद, बृजभूषण, रविंद्र कुमार, सुभाष कुमार, गुरदर्शन डढवाल, देवदर्शन डढवाल, जिला कार्यकारिणी से नरेश धीमान, नागेश्वर पठानिया, कैलाश शर्मा, जगदीश चौधरी, राजेश कुमार, संजय धीमान, रणवीर सिंह तथा अजय कुमार मौजूद रहे।
