वेतन नहीं दिया तो कार्यालय का घेराव

फतेहपुर (कांगड़ा)। आईपीएच विभाग के जवाली मंडल में अनुबंध आधार पर कार्यरत जलरक्षकों को पिछले दस माह से वेतन न मिलने का भामसं ने कड़ा विरोध जताया है। भामसं के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मदन राणा ने चेताया कि अगर आईपीएच विभाग ने 15 दिन के भीतर जलरक्षकों को वेतन का भुगतान न किया तो भामसं आईपीएच विभाग के जवाली कार्यालय का घेराव करेगी।
भामसं नेता मदन राणा ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को कर्मचारी वर्ग की कोई परवाह नहीं है। सरकार के पास अपने मंत्रियों तथा विधायकों का वेतन बढ़ाने के लिए तो धन है, लेकिन महज 1350 रुपये के वेतन पर कार्यरत जलरक्षकों को पगार देने के लिए खजाना खाली पड़ा है। जवाली मंडल में कार्यरत जलरक्षक प्रवीण, प्रदीप, किशोर, सतपाल, अजय ने सरकार से वेतन देने की मांग की है।

ईमानदारी बरतें पंचायत प्रतिनिधि : जगदेव
फतेहपुर (कांगड़ा)। जिला परिषद उपाध्यक्ष जगदेव सिंह ने भोग्रवां जिप वार्ड की पंचायत समलेट, पलाखी, भोग्रवां, रे, बगडोली, ठेहड़ तथा भाटियां में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 10.80 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से विकास कार्यों में पूरी ईमानदारी तथा पारदर्शिता बरतने की अपील की है।

Related posts