
ऊना/नंगल/रोपड़। इन दिनों बैंक खाते से रुपये उड़ाने का शातिरों ने नया तरीका ढूंढ निकाला है। शातिर खुद को बैंक कर्मी बताते हुए फोन करके लोगों से उनके एटीएम कार्ड का पिन कोड पूछ रहे हैं। कुल्लू जिले में जेबीटी टीचर सुंदर सिंह और उपमंडल नंगल के गांव बंदलैहड़ी के बुजुर्ग मिलखी राम सैनी के साथ ऐसा हुआ। कुल्लू कॉलेज में कार्यरत एक वरिष्ठ सहायक को भी ऐसा फोन आया। जेबीटी शिक्षक शातिरों के झांसे में आकर 15 हजार रुपये तथा मिलखी राम 25 हजार रुपये गंवा चुका है। मिलखी राम को अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर उससे उसका एटीएम कार्ड का पासवर्ड पूछ उसके खाते से 25 हजार रुपये उड़ाए। मिलखी राम सैनी ने बताया कि कुछ दिन पहले उसे एक व्यक्ति का फोन आया और वह उससे कहने लगा कि वह बैंक से बोल रहा है और आपके एटीएम कार्ड के बारे में पूछना चाहते हैं। वह सही चल रहा है अथवा नहीं। मिलखी राम ने कहा कि पहले तो उसने कोई भी जानकारी देने से मना कर दिया, लेकिन बाद में फिर से फोन आया। उसे कहा गया कि आपके एटीएम कार्ड में परेशानी चल रही है, इसलिए अपना पासवर्ड बताएं। मिलखी राम शातिर के झांसे में आ गया और उसने पासवर्ड बता दिया। उन्होंने बताया कि वह उस वक्त दंग रह गए जब बैंक जाने पर पता चला कि उसके खाते से 25 हजार रुपये उड़ाए जा चुके हैं। उधर कुल्लू के जेबीटी शिक्षक सुंदर सिंह ने बताया कि उन्हें भी ऐसा ही फोन आया और वह शातिरों के झांसे में आकर 15 हजार गंवा बैठे। ऊना के एसपी अनुपम शर्मा ने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे अज्ञात फोन आने पर सबसे पहले पुलिस या उस बैंक से संपर्क करें जिस बैंक ने एटीएम कार्ड जारी किया है। अपने पिन कोड ऐसे अज्ञात फोन पर किसी को न बताएं।
