
कुमारसैन (शिमला)। पर्यटक स्थल नारकंडा में हैलीपैड निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की घोषणा के बाद नगर पंचायत ने जगह का चयन करके 50 लाख का एस्टीमेट बनाकर सरकार को भेज दिया है ताकि हैलीपैड निर्माण की योजना पर अमलीजामा पहनाया जा सके। नगर पंचायत के अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा ने हैलीपैड निर्माण को लेकर सरकार को एस्टीमेट भेजे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बजट स्वीकृत होते ही हैलीपैड निर्माण का कार्य आरंभ किया जाएगा।
नगर पंचायत ने हैलीपैड के निर्माण के लिए भूमि पहले ही चयनित कर ली है। नारकंडा के मेला मैदान में हैलीपैड का निर्माण किया जाएगा। यहां हैलीपैड के निर्माण से आम लोगों समेत देश-विदेश से आने वाले सैलानियों को फायदा मिलेगा। सरदी में भारी बर्फबारी होने की स्थिति में यहां फंसे पर्यटकों को निकालने के लिए हैलीकॉप्टर की सहायता ली जा सकेगी। नारकंडा में हैलीपैड निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। नारकंडा दौरे के दौरान लोगों ने सीएम के समक्ष यह मांग उठाई जिस पर मुख्यमंत्री ने यहां हैलीपैड निर्माण की घोषणा की और नगर पंचायत को जल्द से जल्द औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए थे।
