
न्यूयॉर्क : न्यू यॉर्क वीजा धोखाधड़ी और घरेलू नौकरानी का आर्थिक शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार भारतीय डिप्लोमैट देवयानी खोबरागडे की कपड़े उतरवाकर तलाशी लेने की बात सामने आई है। इतना ही नहीं उन्हें पुलिस स्टेशन में सेक्स वर्करों, अपराधियों और नशेडिय़ों के साथ खड़ा किया गया। उनकी डीएनए स्वैबिंग भी की गई। इस बीच सोमवार को मुद्दे पर अपना कड़ा रुख और नाराजगी जाहिर करते हुए भारत ने लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन की यूएस कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात का कार्यक्रम कैंसिल कर दिया। भारत ने अमेरिका को इस बात से अवगत करा दिया है कि मुलाकात देवयानी के साथ हुए दुव्र्यवहार के कारण ही रद्द की गई। हालांकि विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद से इस प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।
राजनयिक को पिछले हफ्ते वीजा धोखाधड़ी के आरोप में सार्वजनिक तौर पर गिरफ्तार किया गया था। 1999 बैच की भारतीय विदेश सेवा की अधिकारी देवयानी उस वक्त अपनी बेटी को स्कूल छोडऩे जा रही थी, तभी पुलिस ने उन्हें रोका और सरेआम हथकड़ी पहनाई गई। उस वक्त उन्होंने पुलिस को बताया भी था कि वह भारतीय राजदूत है लेकिन पुलिस उनकी एक बात नहीं सुनी और गिरफ्तार करके पुलिस स्टेशन ले गई। गिरफ्तारी के बाद भी उनके साथ पुलिस स्टेशन में दुव्र्यवहार किया गया। बाद में उन्हें ढाई लाख डॉलर के बॉन्ड पर जमानत दी गई थी
