भरोसे का कत्‍ल: जिसने काम दिया, उसने ‌ही लूटी अस्मत

मां-बेटी को जिस शख्स ने रोजी-रोटी दी, उसने ही उनके भरोसे का कत्ल कर दिया। शादियों में कामकाज दिलाने वाले ठेकेदार ने 16 साल की लड़की की अस्मत को तार-तार कर दिया।

मां-बेटी की शिकायत पर दिल्‍ली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। और आगे की कार्रवाई के लिए मामले की सूचना बुलंदशहर पुलिस को दे दी है।

दिल्ली के सीमापुरी इलाके में रहने वाली 16 वर्षीय सीमा (परिवर्तित नाम) अपनी मां के साथ रविवार सुबह थाने पहुंची। उसकी मां ने पुलिस को बताया कि वह शादी समारोह में काम करती है। 12 दिसंबर को वह अपनी बेटी को लेकर एक ठेकेदार के साथ शादी में काम के लिए बुलंदशहर गई थी।

अगले दिन ठेकेदार के साथ ही दोनों वापस आ रही थीं। रास्ते में ठेकेदार ने उसकी बेटी को किसी बहाने उससे अलग कर दिया और उससे रेप किया। दिल्ली पहुंचने के बाद उसकी बेटी ने सारी बातें बताई।

पुलिस ने महिला की शिकायत पर किशोरी का मेडिकल करवाया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। आरोपी ठेकेदार के खिलाफ जीरो एफआईआर में दुष्कर्म का मामला दर्ज कर दिल्ली पुलिस ने बुलंदशहर पुलिस को सूचना दे दी।

Related posts