
सुजानपुर (हमीरपुर)। महंगाई की मार स्कूलों में परोसे जाने वाले मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) पर भी पड़ रही है। मिड डे मील के लिए मिलने वाला बजट कम पड़ने लगा है। गैस सिलेंडर के बढ़ रहे दाम भी अध्यापकों को अखरने लगे हैं। रविवार को आयोजित राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला स्तरीय बैठक में पदाधिकारियों ने मिड डे मील के लिए मिलने वाले बजट को महंगाई के हिसाब से बढ़ाने की मांग उठाई।
बैठक का आयोजन प्रधान रणजीत सिंह गुलेरिया की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में पदाधिकारियों ने सरकार के समक्ष मांग रखी कि मिल डे मील के बजट में प्रति वर्ष महंगाई दर को देखते हुए वृद्धि की जाए। राशन और ईंधन का बजट अलग-अगल दिया जाए। ईंधन का बजट सिलेंडर के बिल के हिसाब से उपलब्ध हो। इसके अलावा अध्यापकों ने मांग रखी कि सहायक अध्यापकों के 98 दिन के प्रशिक्षण को वैध मानते हुए इनके नियमितीकरण के लिए नीति बनाकर बिना शर्त शीघ्र नियमित किया जाए। स्कूलों की सफाई के लिए बजट उपलब्ध करवाया जाए। अध्यापकों ने मांग उठाई कि जेबीटी से टीजीटी की प्रमोशन भर्ती के समय के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के अनुसार की जाए। स्कूलों में पिछली समय सारिणी को लागू किया जाए, जिससे बच्चों को सर्दी से राहत मिल सके। स्कूलों में ऐच्छिक निधि उपलब्ध करवाई जाए। बैठक में जिला महासचिव सुभाष राणा, खंड सुजानपुर के प्रधान रणवीर सिंह, महासचिव अशोक राणा, हमीरपुर के प्रधान राजेश पठानिया, महासचिव विनोद शर्मा, खंड गलोड़ के महासचिव संजीव कुमार, नादौन के महासचिव अनिल कुमार, बिझड़ी के महासचिव अजय कुमार, संजय शर्मा, जिला उपाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, महालेखाकार सुरेंद्र कुमार, वरिष्ठ उपप्रधान बलदेव सिंह, वीरेंद्र शर्मा, प्राथमिक सहायक अध्यापक सुशील कुमार, यशपाल, जनमेज, सुशील कुमार आदि उपस्थित थे
