
चीन: चीन के सैनिकों ने इस बार फिर अपनी हदें पार कर दी। चीन के सैनिक लद्दाख के चुमार स्थित भारतीय क्षेत्र में काफी अंदर तक घुस आए और भारत के पांच नागरिकों को पकड़कर अपनी सीमा में ले गए। लेकिन बाद में काफी यत्नों के बाद भारतीय नागरिकों को वापिस भारत को सौंप दिया गया। सूत्रों के अनुसार पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के सैनिकों ने चुमार इलाके में भारतीय सीमा में कुछ किलोमीटर भीतर अंदर आकर पांच भारतीय नागरिकों को उनके पशुओं के साथ पकड़ लिया और नियंत्रण रेखा के अपनी ओर बने शिविर में ले गए।
माना जा रहा है कि चीनी सैनिकों ने ऐसा इलाके पर अपना दावा करने के लिए किया लेकिन बाद में सैन्य मुख्यालय ने इस मामले को यह कहते हुए शांत करने की कोशिश की कि मामले को ‘सौहार्दपूर्ण’ ढंग से सुलझा लिया जाएगा। लेकिन जब स्थानीय भारतीय सैन्य अधिकारियों ने इस मामले पर फ्लैग मीटिंग बुलाने की बात कही और इस मुद्दे को उच्च स्तर पर उठाया जाएगा तब जाकर उन्होंने भारतीय नागरिकों को छोड़ा।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बीते अक्तूबर को चीन के साथ सीमा रक्षा सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए थे और उस हुए समझौते के बाद यह घटना घटित हुई। वहीं रक्षा मंत्री ए के एंटनी ने भी चेतावनी दी थी कि चीन के साथ नया सीमा समझौता इस बात की गारंटी नहीं देता कि इन क्षेत्रों में भविष्य में कुछ नहीं होगा। वहीं चीन अपनी पुरानी हरकतों पर बाज नहीं आ रहा है और समझौते के बाद भी चीन ने भारतीय नागरिकों को जबरन कब्जे में ले लिया।
