‘मोदी को मिले गुजरात दंगों पर पश्‍चाताप की अनुमति’

इंफोसिस प्रमुख एनआर नारायण मूर्ति ने गुजरात के मुख्यमंत्री और भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की जमकर वकालत की।

उन्होंने कहा कि मोदी को गुजरात दंगों पर पश्चाताप प्रकट करने की अनुमति दी जानी चाहिए और इसके बाद उन्हें आगे बढ़ना चाहिए। साथ ही ऐसा नहीं होने पर गोधरा के बार भड़के दंगों के संदर्भ में उनकी भूमिका को लेकर बहस कभी खत्म ही नहीं होगी।

एक निजी न्यूज चैनल के कार्यक्रम में बोलते हुए मूर्ति ने कहा कि जब एक पार्टी के एक व्यक्ति विशेष के बारे में चर्चा होती है तो हमें मामले की हकीकत को देखना चाहिए। जब हम यह स्वीकार कर लेंगे कि हमने जो कुछ किया था, वह गलत था तब ही हम पश्चाताप प्रकट करने की इच्छा करेंगे। ऐसा कर ही हम आगे बढ़ेंगे।

अन्यथा अनंतकाल तक हम इस बारे में चर्चा ही करते रहेंगे। हालांकि मूर्ति ने इस दौरान गुजरात दंगों और मोदी का नाम नहीं लिया। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह भाजपा के पीएम उम्मीदवार मोदी के संदर्भ में बात कर रहे हैं तो उनका जवाब सकारात्मक था।

मूर्ति ने कहा कि वह पूरी तरह से धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनका केवल इतना कहना है कि हम सभी इंसान ही हैं। भगवान हमारे साथ खत्म नहीं होगा। इसलिए हमें उस व्यक्ति को अपना पश्चाताप प्रकट करने का मौका देना चाहिए।

देश की आईटी सेक्टर के प्रमुख उद्यमी मूर्ति ने कहा कि यदि हम ऐसा करने में विफल रहते हैं तो इस मुद्दे पर बार-बार बहस होती रहेगी। हालांकि उन्होंने कहा कि हम सभी को यह भी याद रखना चाहिए कि किसी भी अदालत ने इन सज्जन व्यक्ति को आरोपित नहीं किया है। साथ ही किसी भी कोर्ट ने कोई निर्देश या फैसला भी नहीं जारी किया है। इसलिए सबसे बेहतर तरीका यही है कि उनके पश्चाताप की भावना को स्वीकार करना चाहिए और आगे बढ़ना चाहिए।

Related posts