‘आम आदमी पार्टी’ का समर्थन एकमात्र विकल्प

विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने शनिवार को यहां पहले क्षेत्रीय पासपोर्ट शिविर का उद्घाटन किया। शिविर स्थल के निकट सर्वोदय मंडल के कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए।

मंत्री की कार के सामने लेट कर विरोध जताया। कांग्रेसियों से उनकी भिड़ंत हो गई। विदेश मंत्री ने पत्रकार वार्ता में कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी को समर्थन देने के अलावा कांग्रेस के सामने और कोई विकल्प नहीं है।

शनिवार को विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने विकास भवन में दो दिवसीय पासपोर्ट शिविर का उद्घाटन करते हुए कहा कि भविष्य में यह व्यवस्था और सुविधाजनक बनाई जाएगी। शिविर में हरदोई, कन्नौज, औरैया, इटावा जिले के लोग पासपोर्ट के लिए आवेदन कर सकेंगे। मुख्य पासपोर्ट अधिकारी एमके परदेशी ने बताया कि जिला स्तर पर यह पहला शिविर है। शिविर में 147 लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया।

उद्घाटन स्थल पर पहुंचते ही विदेश मंत्री के सामने कांग्रेसी और सर्वोदयी भिड़ गए। मंत्री की गाड़ी के आगे लेटे मंडल के मंत्री लक्ष्मण सिंह को उठाकर कूड़े के ढेर पर फेंक दिया। प्रदर्शनकारियों को धरने से उठा दिया। गुलाबी गैंग की अंजली यादव ने विदेश मंत्री की गाड़ी रोक दी।

सर्वोदय मंडल घटियाघाट पर विद्युत शवदाह गृह निर्माण की मांग कर रहा है। उसमें सांसद निधि से एक करोड़ रुपये की मदद चाहता है। विदेश मंत्री एवं उनकी पत्नी लुईस खुर्शीद ने प्रदर्शनकारियों को आर्थिक मदद का भरोसा दिया। मंत्री के प्रतिनिधि अनिल मिश्रा ने बताया कि लक्ष्मण सिंह ने गाड़ी के आगे लेटने का प्रयास किया तो हटा दिया गया। उठा कर फेका नहीं गया।

पत्रकार वार्ता में विदेश मंत्री ने कहा कि चार राज्यों में पार्टी की पराजय की समीक्षा की जा रही है। लोकसभा चुनाव से पहले हार के कारणों का निस्तारण कर लिया जाएगा। दोबारा चुनाव से जनता को बचाने के इरादे से दिल्ली में आम आदमी पार्टी के समर्थन के अलावा कांग्रेस के सामने और कोई कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को वह अपनी मां मानते हैं।

Related posts