एकता के लिए दौड़ेंगे आज 25000 लोग

मंडी। सरदार वल्लभ भाई पटेल की पुण्यतिथि पर देशभर में रन फॉर यूनिटी के तहत रविवार को देश में जहां लाखों लोग एकता के लिए दौड़ेंगे, वहीं हिमाचल के 11 जिलों में करीब 25 हजार लोग दौड़ में हिस्सा लेंगे। सरदार पटेल के स्टैच्यू आफ यूनिटी के प्रदेश समन्वयक जयराम ठाकुर ने कहा कि सरदार पटेल की पुण्यतिथि पर रन फॉर यूनिटी के तहत लाखों लोग एक साथ दौड़ेंगे। यह अपने आपमें वर्ल्ड रिकार्ड आफ गिनिज बुक बनने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब तक रन फॉर यूनिटी के लिए 47 लाख लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण करवा रखा है। कहा कि गुजरात में एक से डेढ़ लाख के करीब लोग एकसाथ दौड़ेंगे। हिमाचल में लाहुल-स्पीति को छोड़कर सभी 11 जिलों में रन फॉर यूनिटी के लिए करीब 25 हजार लोग दौड़ेंगे। मंडी में राजकीय वल्ल्भ महाविद्यालय परिसर में सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा को माल्यार्पण करने के बाद करीब साढ़े दस बजे यह दौड़ शुरू होगी। सरदार वल्लभ भाई पटेल का देश की आजादी में योगदान रहा है। आजादी के बाद देश के 15 राज्यों में से 14 ने सरदार वल्लभ भाई के पक्ष में प्रस्ताव पारित कर उन्हें प्रधानमंत्री बनाने का समर्थन किया था। जयराम ने कहा कि देश की 562 रियासतों के हिंदुस्तान में विलय करवाने में सरदार पटेल का योगदान महत्वपूर्ण है। सरदार पटेल के योगदान को देखते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा बनाने का बीड़ा उठाया है। इसके लिए गुजरात सरकार ने ढाई हजार करोड़ का बजट प्रस्तावित किया है। इस अवसर पर प्रदेश सचिव पायल वैद्य, जिला भाजपा अध्यक्ष जवाहर ठाकुर, भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री महेंद्र ठाकुर, जिला भाजयुमो अध्यक्ष पाल वर्मा और जिला मीडिया प्रभारी पंकज शर्मा मौजूद रहे।

Related posts