100 ‘गुप्तचर’ जानेंगे पल-पल का हाल

धर्मशाला। तपोवन में 16 दिसंबर से शुरू होने वाले शीतकालीन विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सीआईडी भी पैनी नजर रखेगी। सीआईडी के 100 जवान हर हरकत पर नजर रखेंगे। बड़ी घटना का अंदेशा होने पर पुलिस को भी सूचित करेंगे। इसके अलावा सीआईडी की ओर से आठ सेक्टरों में पैनी नजर रखी जाएगी। इसके अलावा राज्य सुरक्षा से भी जवानों की ड्यूटी विधानसभा सत्र में लगी है। इस बार महिला पुलिस जवान भी सेवाएं देंगी। पुलिस की ओर से 750 के करीब जवानों की ड्यूटी अलग-अलग नाकों पर लगा दी गई है। इस बार सत्र में स्थानीय पुलिस के साथ सीआईडी और स्टेट सिक्योरिटी के जवान भी सेवाएं दे रहे हैं। स्टेट सिक्योरिटी से 200 के करीब जवानों की तैनाती की गई है।
यातायात को सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस के करीब 250 जवान तैनात रहेंगे। धर्मशाला से दाड़ी तक 24 घंटे क्रेन से भी वाहनों को हटाया जाएगा। पुलिस यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई भी करेगी। एएसपी मोहित चावला ने बताया कि विस सत्र के दौरान सुरक्षा के लिहाज से पैनी नजर रहेगी।

दाड़ी मार्ग रहेगा वन वे
सत्र के दौरान दाड़ी-धर्मशाला मार्ग वन वे रहेगा। यहां से एक तरफ से ही वाहन आ पाएंगे। उधर, सिद्धवाड़ी-खनेड़-धर्मशाला मार्ग पर भी पुलिस चौकसी में रहेगी। यहां से वाहन धर्मशाला से चामुंडा की तरफ जाएंगे।

डांढ से भागसूनाग तक तैनात रहेगी पुलिस
डांढ-चामुंडा-भागसूनाग तक ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी। इसके अलावा डांढ, चामुंडा और भागसूनाग में ट्रैफिक पुलिस के कंट्रोल रूम स्थापित होंगे। इसके अलावा एजूकेशन बोर्ड, धर्मशाला, तपोवन और योल में 24 घंटे ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी।

Related posts