
दिल्ली में अचानक ही जंतर-मंतर पर जनलोकपाल के लिए आंदोलन के मंच के आगे भीड़ जुटने लगी है। लोग अन्ना हजारे जिंदाबाद के नारे लगाते हुए अन्ना से हाथ मिलाने की कोशिश करने लगे हैं।
दरअसल, अनशन पर बैठे अन्ना हजारे के हमशक्ल अचल खन्ना को देखकर लोग गच्चा खा गए और उन्हें अन्ना हजारे समझकर हाथ मिलाने लगे।
हूबहू अन्ना हजारे जैसे दिखने वाले खन्ना साहब को देखकर लोग आपस में चर्चा करने लगे। इसी दौरान मयूर विहार से आए जूस विक्रेता सलीम वहां मौजूद लोगों से कहने लगे कि अन्ना हजारे आए हैं और उन्होंने उनका फोटो भी खींचा है।
पढ़ें, केजरीवाल के 18 सवाल जो सोनिया-राजनाथ से पूछे
कनॉट प्लेस में काम करने वाली पहाड़गंज की पिंकी और कुसुम भी वहां पहुंचीं और आपस में बात करने लगीं कि यह तो वाकई अन्ना हजारे जैसे हैं। इस दौरान अनशन पर बैठे अचल खन्ना से जब उनका नाम पूछा गया तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि मैं अन्ना हूं।
लगभग 72 साल के अचल खन्ना रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी हैं और अन्ना की अगस्त क्रांति से ही जनलोकपाल की लड़ाई में सहयोगी रहे हैं।
