बस की चपेट में आने से बच्चे की मौत

मंडी। खलियार स्थित शनि महादेव मंदिर के पास परिवहन निगम की बस की चपेट में आने से एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में पीजीआई ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बच्चा शुक्रवार सुबह स्कूल जा रहा था। घटना के समय बच्चे की मां भी उसके साथ थी। घटना के बाद बच्चे को उपचार के लिए मंडी के जोनल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आदित्य (4) पुत्र संजीव कुमार निवासी सिन्हाल (बिजनी) खलियार स्थित डीएवी स्कूल में केजी में पढ़ता था। शुक्रवार सुबह वह अपनी मां के साथ ऑटो से स्कूल आ रहा था। इसी दौरान खलियार के पास उसकी मां ऑटो चालक को किराया दे रही थी, तभी बच्चा सड़क की तरफ उतर गया। इस बीच कटौला से मंडी आ रही निगम की बस की चपेट में आ गया। पुलिस के मुताबिक बच्चे की जैकेट बस के हिस्से से फंस गई थी। इससे बच्चा बस के साथ घिसटता हुआ चला गया। घटना के बाद चार वर्षीय आदित्य को तत्काल जोनल अस्पताल मंडी लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकाें ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन पीजीआई ले जाते समय बच्चे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हालांकि घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने घायल बच्चे के उपचार को एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की थी। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना की पुष्टि पुलिस अधीक्षक मंडी आरएस नेगी ने की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है।

Related posts