उद्घाटन को तरसा जडेरा पीएचसी भवन

जडेरा (चंबा)। माननीयों के पास समय न होने के चलते प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जडेरा जनता को समर्पित नहीं हो पाया है। चार माह पहले पीएचसी भवन को निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। मंत्री व मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे रद्द होने के चलते नए पीएचसी भवन शुरू नहीं किया जा रहा है। इसी वर्ष मिंजर मेले के दौरान चार अगस्त को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के चंबा दौरे के दौरान भवन के उद्घाटन की बात कही जा रही थी। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान भवन का बचा हुआ कार्य युद्धस्तर पर करवाया गया। मिंजर मेले के दौरान सीएम का व्यस्त शेड्यूल होने के कारण उद्घाटन कार्यक्रम ठंडे बस्ते में चला गया। इसके बाद जडेरा पीएचसी भवन का 14 सितंबर को उद्घाटन प्रस्तावित था। वनमंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी अपने साहो व जडेरा दौरे के दौरान भवन का लोकार्पण करने वाले थे। बीच में बाधा उत्पन्न होने से भवन का उद्घाटन रद्द हो गया और नए भवन में सेवाएं मिलने की जडेरा, कैला, सिल्लाघ्राट, कल्यूं, गुलेरा के लोगों की उम्मीदें धूमिल हो गई। भवन का लोकार्पण न होने के कारण लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं निजी भवन में मिल रही हैं।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मदन कुमार मिन्हास ने बताया कि भवन पेंट का थोड़ा से काम बचा हुआ था। जो खत्म कर दिया गया है। जल्द भवन का लोकार्पण या भवन स्वास्थ्य विभाग के हवाले कर दिया जाएगा।

Related posts