
धर्मशाला। तपोवन धर्मशाला में 16 दिसंबर से शुरू होने जा रहे शीतकालीन सत्र के लिए मंत्रियों और विधायकों के ठहरने का इंतजाम कर दिया गया है। मंत्री सरकारी विश्राम गृह और विधायक होटलों में ठहरेंगे। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह परिधि गृह धर्मशाला में रुकेंगे। आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स के ठहरने का इंतजाम कश्मीर हाउस कोतवाली बाजार (धर्मशाला) में किया गया है। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री के लिए विद्युत बोर्ड धर्मशाला के विश्राम गृह, स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर व शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा के लिए पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह धर्मशाला में रहने की व्यवस्था की गई है। वहीं, वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी वन विभाग के विश्राम गृह धर्मशाला, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनी राम शांडिल पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस कांगड़ा, पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा आईपीएच रेस्ट हाउस कांगड़ा, कृषि एवं ऊर्जा मंत्री सुजान सिंह पठानिया पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस शाहपुर, आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी और खाद्य आपूर्ति एवं परिवहन मंत्री जीएस बाली पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस डाढ में रहेंगे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल के लिए एचपी रेस्ट हाउस जिया (पालमपुर), विधायक रविंद्र रवि के लिए पालमपुर स्थित कृषि विभाग के विश्राम गृह में ठहरने का इंतजाम किया गया है। वहीं, कांग्रेस पार्टी के सभी विधायक जीके कॉनिफर होटल धर्मशाला और बीजेपी के सभी विधायक सूर्या रिजॉर्ट मैकलोडगंज में ठहरेंगे। उपायुक्त सी पालरासु का कहना है कि सभी मंत्री और विधायक इन विश्राम गृहों और होटलों में 15 से 21 दिसंबर तक ठहरेंगे।
तपोवन में कौन-कहां मिलेगा
विस भवन के एक नंबर कमरे में आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स, दो नंबर कमरे में स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, तीन नंबर में खाद्य आपूर्ति एवं परिवहन मंत्री जीएस बाली, चार नंबर में कृषि एवं ऊर्जा मंत्री सुजान सिंह पठानिया, पांच नंबर में वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, छह नंबर में उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सात नंबर में शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, आठ नंबर में आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी, नौ नंबर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनी राम शांडिल और दस नंबर कमरे में पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा बैठेंगे।
तीन-तीन सीपीएस मिलेंगे एक साथ
मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती, राजेश धर्मांणी और विनय कुमार 11 नंबर कमरे में एक साथ बैठेंगे। वहीं, जगजीवन पाल, नंद लाल और रोहित ठाकुर 12 नंबर कमरे में मिलेंगे। उधर, मनसा राम, इंद्र दत्त लखनपाल और सोहन लाल ठाकुर एक साथ किचन लॉबी के पास वाले अंतिम कमरे में बैठेंगे।
