निचार-वांगतू सड़क का कार्य 2014 में

रामपुर बुशहर। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि निचार-वांगतू सड़क का कार्य वर्ष 2014 में शुरू होगा। प्रदेश सरकार इसके निर्माण के लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान कर रही है। शुक्रवार को रामपुर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने यह बात निचार ब्लॉक से पहुंचे ग्रामीणों से कही। बजट के प्रावधन का आश्वासन दिए जाने पर लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
जनजातीय सलाहकार समिति सदस्य जगदीश नेगी, युवा कांग्रेस बूथ अध्यक्ष मनोज मेहता, पूर्व प्रधान निचार भगत सिंह नेगी, हरीश नेगी, संजीव नेगी, दिनेश नेगी, वीरेंद्र नेगी आदि ग्रामीण सुबह शिंगला हैलीपैड पर मुख्यमंत्री से मिले। लोक निर्माण विभाग ने निचार से वांगतू के लिए सड़क बनाने की योजना तैयार की है। सड़क के बनने से निचार से जिला मुख्यालय रिकांगपिओ की दूरी तकरीबन 20 किलोमीटर घटेगी। अभी निचार से वाया पलिंगी, भावानगर होकर किन्नौर की दूरी 68 किमी है। जबकि सड़क बनने पर 20 किमी कम होकर केवल 48 किलोमीटर रह जाएगा। लोनिवि की योजना सिरे चढ़े और लोगों को जल्द से जल्द निचार-वांगतू सड़क मिले, इसलिए ग्रामीणों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री के समक्ष मसला उठाया, इसके निर्माण के लिए जल्द से जल्द बजट की व्यवस्था हो सके। मुलाकात में मुख्यमंत्री ने जल्द बजट की व्यवस्था करके अगले साल सड़क निर्माण का कार्य शुरू करने की बात कही है।

Related posts