एक हफ्ते में शुरू होंगे बाढ़ सुरक्षा कार्य

उत्तरकाशी। तटवर्ती आबादी के लिए खतरा बने नदी में जमा मलबे को हटाने के कार्य का एक हफ्ते में अनुबंध कर दिया जाएगा। जल विद्युत निगम भी 16 दिसंबर तक ठेकेदार कंपनियों के साथ बाढ़ सुरक्षा कार्य का अनुबंध कर लेगा। लोनिवि को तिलोथ पुल वाले हिस्से में शीघ्र पैदल फोल्डिंग पुल लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम श्रीधर बाबू अद्दांकी ने पत्रकारों के साथ यह जानकारियां साझा कीं। डीएम ने बताया कि तिलोथ पुल वाले हिस्से में आवाजाही की अस्थायी व्यवस्था में गड़बड़ी पर लोनिवि से स्पष्टीकरण मांगा गया है। यहां शीघ्र पैदल फोल्डिंग पुल लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। बीआरओ के साथ संयुक्त निरीक्षण कर गंगोत्री हाईवे के संवेदनशील स्थलों को शीघ्र दुरुस्त करने की कवायद तेज की जा रही है। गंगोत्री हाईवे बीआरओ से हटाकर लोनिवि को सौंपे जाने संबंधी कोई आदेश शासन से अभी तक नहीं मिला है। फिलहाल बीआरओ ही इस सड़क को दुरुस्त करेगा। डीएम ने अगली बरसात से पूर्व मलबा हटाने, बाढ़ सुरक्षा कार्य और राजमार्ग दुरुस्त कराने का भरोसा जताया। इस मौके पर सीडीओ जीएस रावत, एडीएम बीके मिश्रा और एसडीएम भटवाड़ी केके सिंह मौजूद थे।

Related posts