
शिमला। नगर निगम प्रशासन ने शुक्रवार को पूरे शहर में सुबह और शाम पानी की सप्लाई देने का दावा किया है। निगम अभियंता विजय गुप्ता ने बताया कि बिजली बोर्ड द्वारा मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है। शुक्रवार को शहर में कहीं भी पानी का कट नहीं लगाया जाएगा। उधर, वीरवार सुबह शहर में पानी की सप्लाई नहीं हुई। वीरवार शाम को चौड़ा मैदान जोन में शाम के समय पानी दिया गया। यहां बुधवार शाम को पानी की सप्लाई नहीं हुई थी।
गिरि और गुम्मा पंपिंग स्टेशनों में बुधवार को बिजली की मरम्मत के चलते पानी की पंपिंग ठप रही थी। निगम ने राशनिंग की घोषणा की थी। बुधवार शाम को चौड़ा मैदान जोन के बालूगंज, समरहिल, चौड़ा मैदान, पांजडी, ओल्ड बैरियर, टुटू और साथ लगते इलाकों के अलावा छोटा शिमला जोन में छोटा शिमला, टिंबर हाउस, कनलोग, हाईकोर्ट एरिया, लिफ्ट एरिया, निगम विहार, खलीणी में पानी नहीं दिया गया। वीरवार सुबह संजौली, भराड़ी, रुल्दूभट्टा, रिज मैदान, नाभा, फागली, अनाडेल, लोअर बाजार, रामबाजार, मिडल बाजार और छोटा शिमला जोन के कुछ क्षेत्रों में सप्लाई नहीं हुई।
…
बारह टैंकरों से की पानी की सप्लाई
वीरवार को नगर निगम के कंट्रोल रूम में विभिन्न स्थानों से पानी के टैंकर भेजने की मांग की गई। निगम ने वीरवार को कमला नेहरू अस्पताल, बिल्ली पार्क चौड़ा मैदान, बचत भवन, विधानसभा, ऑल इंडिया रेडियो चौड़ा मैदान, राजभवन सहित शहर के सार्वजनिक शौचालयों में बारह टैंकर भेजकर पानी की सप्लाई की।
