
मंडी। देश के भूतपूर्व सैनिकों की राष्ट्रीय रैली 22 दिसंबर को अंबाला के गांधी मैदान में होगी। रैली में मुख्य मांग वन रैंक वन पेंशन रहेगी। यह जानकारी इंडियन एक्स सर्विसमैन मूवमेंट के प्रदेश संयोजक सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि रैली में रिटायर्ड सेना अध्यक्ष जनरल वीके सिंह भूतपूर्व सैनिकों को संबोधित करेंगे। प्रदेश से सैकड़ों पूर्व सैनिक भाग लेंगे। खुशहाल सिंह ठाकुर ने कहा कि राजनेता वोट बैंक की भाषा समझते हैं। लेकिन आज तक पूर्व सैनिकों को वोट के लिए ही इस्तेमाल किया गया। पूरे देश में भूतपूर्व सैनिकों का वोट बैंक चार करोड़ है। देश की 140 से 150 लोक सभा सीटों और 400 विस सीटों पर चुनाव परिणाम को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने दिल्ली छावनी क्षेत्र से रिटायर्ड कमांडो वीरेंद्र सिंह ने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में भारी मतों से जीत हासिल की है। इस क्षेत्र में सेवारत और पूर्व सैनिकों की संख्या अधिक है। उन्होंने प्रदेश के पूर्व सैनिकों से आग्रह किया कि 22 दिसंबर को अंबाला में होने वाली रैली में बढ़चढ़ कर भाग लें।
