
सिहुंता (चंबा)। कांगड़ा-चंबा-होली रूट पर चलने वाली निगम की बस में स्कूली बच्चों को नहीं चढ़ाया जा रहा है, जिससे बच्चे परेशान हैं। साथ ही अन्य यात्रियों को भी परेशानी आ रही है। स्थानीय निवासी सुरेश जरियाल, बूटा राम, अशीष कुमार, रिशु, अभिषेक, सुरेंद्र और चमन लाल ने बताया कि यह बस ग्राम पंचायत समोट के डेंठा सड़क से सुबह लगभग साढे़ आठ बजे निकलती है जो स्कूल व कॉलेज के बच्चों के लिए उपयुक्त है, लेकिन निगम के चालक इस बस को ब्रेक ही नहीं लगाते। इस कारण स्कूल व कॉलेज के छात्र समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते। उन्होंने कहा कि इन दिनों स्कूल व कॉलेज के छात्रों की परीक्षाएं चल रही है, लेकिन बस न रूकने के कारण बच्चों को निजी वाहनों में भारी भरकम किराया देकर स्कूल व कॉलेज पहुंचना पड़ रहा है। इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों को भी काफी दिक्कतें पेश आ रही है। उन्होंने कहा कि इस बस में सीनियर सेकेंडरी स्कूल समोट व टुंडी तथा डिग्री कॉलेज चुवाड़ी जाने वाले छात्र चढ़ते हैं, लेकिन बस न रूकने के कारण उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार ने स्कूली बच्चों के लिए बस सेवा फ्री कर दी है, लेकिन चालक ों की मनमर्जी के कारण स्कूली बच्चों को फ्री बस सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। उधर, आरएम अनूप राणा ने बताया कि चालकों को बस रोकने के आदेश जारी किए जाएंगे।
