पानी से लबालब होंगे खेत

सिहुंता (चंबा)। उपमंडल भटियात के किसान-बागवानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से क्षेत्र में इस वर्ष छह सिंचाई कूहलों का निर्माण किया जाएगा। इसका निर्माण बहाल सिंचाई योजना के तहत किया जाएगा। इस पर तीन करोड़ 47 लाख 32 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसमें टिकरा-टिकरी कूहल के निर्माण पर पांच लाख 86 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे 9.89 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। छतराड़ एक और दो कूहल पर 16 लाख 73 हजार रुपये खर्च होंगे। इससे 10.30 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होगी। अप्पर समोट कूहल के निर्माण को विभाग की ओर से 80 लाख 10 हजार रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है। इस कूहल के निर्माण से 77.03 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। लोअर समोट कूहल पर 80 लाख 60 हजार रुपये खर्च होंगे। इसके निर्माण से 90.02 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। बलाणा कूहल के निर्माण पर 50 लाख 70 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे 38.745 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होगी। इसके अलावा कांगड़ा व चंबा जिला के बीच हटली में बहाल सिंचाई योजना के तहत बनने वाली कूहल के लिए एक करोड़ 13 लाख 34 हजार रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है। इससे 226.51 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इससे पहले आईपीएचविभाग की ओर से क्षेत्र में 18 कूहलों का निर्माण किया जा चुका है। इसके अलावा चार कूहलों का निर्माण अगले वर्ष किया जाएगा। इसमें अप्पर भेट, लोअर भेट, बल्ली, बिलपुर कूहल शामिल हैं।

28 सिंचाई कूहलें बनेंगी
सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता देस राज चौधरी ने बताया कि भटियात में कुल 28 सिंचाई कूहलों का निर्माण किया जाएगा। इसमें से 18 कूहलों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और छह कूहलों का निर्माण इस वर्ष पूरा हो जाएगा। इसके अलावा चार कूहलें अगले वर्ष बनाई जाएंगी।

Related posts