
धर्मशाला। मनूणी खड्ड पर बने विमसन हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट ने लुंटा गांव के रास्ते में ही पानी की पाइप बिछा दी है। जिससे ग्रामीणों का आना-जाना बंद हो गया है। वीरवार को ग्रामीणों ने प्रोजेक्ट के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। गांववासियों का कहना है कि प्रोजेक्ट प्रबंधन ने रास्ते के बीच में ही पानी की मोटी पाइप बिछा दी है। जिससे ग्रामीणों का रास्ता आधे से ज्यादा बंद हो गया है।
प्रोजेक्ट प्रबंधन ने बीते कल रास्ते में पानी की पाइप बिछा दी है। रास्ते के दूसरी ओर गहरी खाई होने के चलते ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर घर और बाजार तक पहुंच पा रहे हैं। ग्रामीण शुक्रवार को पंचायत प्रधान और अन्य प्रतिनिधियों के साथ जिला मुख्यालय में डीसी कांगड़ा से मिलेंगे। ग्रामीण विपिन, हैप्पी, जितेंद्र, प्रवीण, सुरेश, सपना, सुनीता, कमला देवी, सावित्री देवी, विमला देवी, शीला, मनोज कुमार आदि का कहना है कि प्रबंधन ने अपना रवैया न सुधारा तो वह बड़ा आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे। वहीं, पंचायत प्रधान सोकणी द कोट ममता का कहना है कि प्रोजेक्ट प्रबंधन ने ग्र्रामीणों से रास्ता बनाने का वायदा किया था, लेकिन वह अपने वायदे से पीछे हट रहे हैं। शुक्रवार को समस्त ग्रामीण जिला प्रशासन से मिलेंगे और रास्ते से पाइप को हटाने अथवा मार्ग को चौड़ा करने की मांग करेंगे।
जल्द दूर होगी ग्रामीणों की समस्या : एसडीएम
एसडीएम धर्मशाला डॉ. हरीश गज्जू का कहना है कि प्रोजेक्ट प्रबंधन से बात की जाएगी तथा ग्रामीणों की समस्या का जल्द से जल्द हल करने की कोशिश रहेगी।
