शांता दिखाएंगे मैराथन को हरी झंडी : प्रवीण

धर्मशाला। जिला स्तरीय लोह संग्रह समिति की बैठक का आयोजन वीरवार को धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश लोह संग्रह समिति के सह-संयोजक प्रवीण शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। जिसमें पूर्व उद्योग मंत्री किशन कपूर, सुलह के पूर्व विधायक विपिन परमार, जिला लोह संग्रह समिति के संयोजक हिंदवीर कोहली, पूर्व विधायक संजय चौधरी, आरएसएस, विद्यार्थी परिषद, विश्व हिंदू परिषद, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, सिंह सभा, वाल्मीकि सभा, पतंजलि योग पीठ, आर्ट आफ लिविंग, भारत स्वाभिमान, हिमालय परिवार, तिब्बत सहयोग मंच, भारत विकास परिषद, अधिवक्ता मंच, व्यापार मंडल, नगर परिषद धर्मशाला, कैलाश एसोसिएशन, गायत्री परिवार, साईं समिति, आर्य समाज और गोरखा एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न संस्थाओं के सदस्याें से 15 दिसंबर को होने वाली मैराथन पर विशेष चर्चा कर रणनीति तैयार की। प्रदेश लोह संग्रह समिति के सह संयोजक प्रवीण शर्मा ने बताया कि गुजरात के मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के मार्ग दर्शन में समग्र विश्व में सबसे ऊंची 182 मीटर की प्रतिमा स्टेच्यू आफ यूनिटी का निर्माण सरदार बल्लभ भाई पटेल राष्ट्रीय एकता ट्रस्ट के उपक्रम से नर्मदा नदी के किनारे हो रहा है। इसी कार्यक्रम के तहत देश के गांव-गांव में एकता का संदेश पहुंचाया जा रहा है। 15 दिसंबर को धर्मशाला में रन फॉर यूनिटी मैराथन का आयोजन कोतवाली बाजार के संगम पार्क में सुबह साढ़े नौ बजे किया जाएगा। दो किलोमीटर की इस मैराथन दौड़ में जिले के नौजवान, माताएं, बहनें और बुजुर्ग कोतवाली बाजार से कचहरी अड्डा तक दौड़ में भाग लेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार इस मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस मौके पर नगर परिषद के उपाध्यक्ष ओंकार नैहरिया, भाजपा कांगड़ा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश शर्मा, महामंत्री उत्तम चौधरी, अश्वनी शर्मा, धर्मशाला मंडल अध्यक्ष रमेश अटवाल, गायत्री कपूर, सचिन शर्मा, विशाल नैहरिया और राजेंद्र ठाकुर उपस्थित रहे।

Related posts