लो वोल्टेज से जूझ रहे नेऊली और गाहर

खराहल (कुल्लू)। मुख्यालय के साथ लगती खराहल घाटी की पंचायत नेऊली और गाहर के दर्जनभर गांवों के ग्रामीण कई वर्ष से बिजली की कम वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं।
आलम यह है कि गाहर पंचायत के छारगड़ी, थाड़मे, बनोगी, सुई रोपा, लोअर गाहर, पाला गाहर आदि गांवों में बिजली की कम रोशनी की समस्या से लोगों को दो-चार होना पड़ रहा है। जबकि, नेऊली पंचायत के प्रेमगढ़, लुग्गड़भट्टी, छथोल, शधारा, लोअर थरमाण आदि गांवों में कम वोल्टेज की समस्या से ग्रामीणों को दो-चार होना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कम रोशनी के कारण न तो स्कूली बच्चों की पढ़ाई हो पाती है और न ही बिजली के अन्य उपकरण चल पाते हैं। गाहर पंचायत के उपप्रधान ओमप्रकाश, वार्ड पंच सुरेश पुजारी, छारगड़ी निवासी गोपाल राणा, ध्यान सिंह, सुई रोपा के चैन सुख, राज कुमार और नेऊली पंचायत के ग्राहण वार्ड के पंच प्रमोद सिंह, प्रेम गढ़ के उत्तम पराशर, चमन ठाकुर, लुगड़भट्टी के भूपेंद्र सिंह, राम सिंह तथा मोहर सिंह ने कहा कि क्षेत्र में बिजली की कम वोल्टेज से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि बिजली के अन्य उपकरण भी नहीं चल पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को हल करने के लिए बिजली बोर्ड से कई बार मांग की गई है। गाहर पंचायत के उपप्रधान ओमप्रकाश ने कहा कि पंचायत की ओर से समस्या को हल करने के लिए प्रस्ताव भी भेज दिया है। लेकिन बिजली बोर्ड ने कोई कार्रवाई नहीं की है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को हल करने के लिए नया ट्रांसफार्मर लगाया जाना चाहिए। उधर, बिजली बोर्ड कुल्लू-2 के सहायक अभियंता श्याम लाल बोध ने कहा कि पंचायतों में कम वोल्टेज की समस्या को चैक किया जाएगा। इसके विकल्प के लिए जो भी होगा, बोर्ड करेगा।

Related posts