
ऊना। ऊना शहर में मटमैले पानी की सप्लाई के कारण लोगाें को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी भरने पर बाल्टी में ढेर सारी मिट्टी भी आ रही है। नलों के मटमैला पानी उगलने से लोग परेशान हैं। लोगों का कहना है कि उनके घरों में लगे वाटर प्यूरीफायर भी चॉक हो गए हैं। इससे लोगों का हजारों रुपये का नुकसान हो रहा है। पेयजल सप्लाई में खामी के चलते हजारों रुपये का नुकसान झेल रहे लोगों ने चेतावनी दी है कि वे विभाग के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे। विभाग के प्रति लोगों में खासा रोष है।
ऊना के कोटला कलां से राजीव कुमार, संजीव ठाकुर, अरविंद कुमार, सुरक्षा रानी, कंचन बाला, अर्जुन सिंह, ऊना के वार्ड नंबर एक से राजेश कुमार, विनय कुमार, राकेश परमार, अमित कुमार, राजन शर्मा, निहाल सिंह आदि ने कहा कि घरों में लगे नलके तथा सार्वजनिक नलके मटमैला पानी उगल रहे हैं। इन लोगों ने कहा कि सुबह के समय तो समस्या और अधिक है। सुबह जब पानी की बाल्टी भरते हैं तो बाल्टी में काफी मात्रा में मिट्टी आ रही है। हालांकि दिन के समय पानी में मिट्टी की मात्रा कुछ कम है। सुबह तो नहाने के लिए पानी छानकर इस्तेमाल करना पड़ रहा है। इन लोगों ने कहा कि शहर में इस तरह की समस्या करीब डेढ़ सप्ताह से चल रही है। लोगों ने बताया कि घरों में लगे वाटर प्यूरीफायर भी चॉक हो गए हैं। संजीव और अर्जुन ने बताया कि जिले के हरोली समेत अन्य क्षेत्रों में इस तरह की समस्या चल रही है।
उधर, आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता मुकेश हीरा ने कहा कि फिलहाल उनके ध्यान में यह समस्या नहीं है। फिर भी यदि ऐसा है तो अधीनस्थ अधिकारियों को इसके समाधान के लिए निर्देश जारी किए जाएंगे।
