
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने चार राज्यों के चुनाव में कांग्रेस की हार को राहुल गांधी की हार कहा है। सिंह ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि छत्तीसगढ़ समेत चार राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई है और इस जीत के लिए जनता को बधाई देते हैं। सिंह ने कहा कि चारों राज्यों में कांग्रेस की हार हुई है और यह हार कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की हार है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी जब चुनाव प्रचार के लिए आए थे तब उन्होंने कहा था कि वह स्वयं चुनाव लड़ रहे हैं और उन्होंने यहां पर्यवेक्षक भी नियुक्ति किए थे। गांधी का पूरा अमला राज्य में कांग्रेस को जिताने के लिए लगा हुआ था लेकिन जनता ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी को चुना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार राज्यों में हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत ने यह भी साबित कर दिया है कि आने वाले लोकसभा चुनाव में एनडीए की सरकार बनने वाली है तथा गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे।
