
चंबा। जिला में सड़क, स्वास्थ्य और पेयजल योजनाओं के काम को पूरा करने के मुद्दों को विधायक प्राथमिकता बैठकों में उठाया गया। बैठक में सीएम वीरभद्र सिंह से विस क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने की मांग की गई। साथ ही जिला अस्पताल में लंबे अरसे से खाली चल रहे स्त्री रोग विशेषज्ञ और चिकित्सकाें के खाली पदों को भरने की मांग भी स्थानीय विधायक ने जोर शोर से उठाई है। विधायक बीके चौहान ने सड़क, स्वास्थ्य और पेयजल योजनाओं को सरकार के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि जब तक चंबा के सभी गांवों को सड़क सुविधा से नहीं जोड़ा जाता, तब तक यहां का विकास संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि जिला में सड़क सुविधाओं का काफी अभाव है। अभी तक 33 प्रतिशत एरिया ही सड़क सुविधा से जुड़ पाया है। जिला के विकास के लिए सरकार को सड़क सुविधाएं मुहैया करवाने का सुझाव दिया। सुलतानपुर-द्रमण, मंगला-तपून सड़क के कांट्रेक्ट अवार्ड हो गए हैं। उन्होंने इन सड़कों का काम शीघ्र शुरू करवाने की प्रदेश सरकार के समक्ष मांग उठाई। इसके अलावा द्रडा से परेल और परेल से द्रडा तक क्रास बैरियर्स लगाने की बैठक में मांग रखी।
विधायक बीके चौहान ने चंबा-कोहलड़ी पेयजल स्कीम, उठाऊ पेयजल योजना बाट, उटीप और लुड्डू का काम शीघ्र करवाने का मुख्यमंत्री से आग्रह किया। इन पेयजल योजनाओं का शिलान्यास पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में हो चुका है। इन योजनाओं पर लगभग 13 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। इसके अलावा क्षेत्रीय अस्पताल में गायनी डाक्टर और चिकित्सकों को रिक्त पदों को शीघ्र भरने की प्रदेश सरकार के समक्ष मांग उठाई।
