ऊटपुर में मिले बेहतर उपचार

लडभड़ोल (मंडी)। ऊटपुर पंचायत के लोगों ने आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं को लेकर आपत्ति जताई है। स्थानीय निवासी राजेश कुमार, मेहर सिंह, दिनेश कुमार, नरेश कुमार, जगदीश चंद और विधि चंद ने कहा कि आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को आधुनिक सुविधाएं नहीं मिल पा रहीं। राजेश कुमार के मुताबिक उन्होंने टांडा मेडिकल कालेज में हर्निया रोग का आपरेशन करवाया था। ड्रेसिंग करवाने के लिए जब वह उटपुर आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो वहां तैनात डाक्टर ने सामान न होने की बात कहकर उन्हें साथ लगते उप स्वास्थ्य केंद्र में जाने की बात कही। लोगाें का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में दवाइयां भी नहीं मिलतीं। जिला आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डा. हीरा लाल ने कहा कि उन्हें शिकायत नहीं मिली है। इस बारे छानबीन की जाएगी। वहीं आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक डा. मान सिंह ने कहा कि केंद्र में फार्मासिस्ट नहीं है। कार्यालय के काम से तथा दवाईयों के लिए उन्हें ही जाना पड़ता है। मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा दी जा रही है।

Related posts