स्पष्टीकरण नहीं मिला तो करेंगे आंदोलन

बरमाणा (बिलासपुर)। बीडीटीएस बरमाणा में ट्रक ऑपरेटरों ने बीडीटीएस पर भेदभाव का आरोप लगाया है। ऑपरेटरों का कहना है कि बीडीटीएस अन्य ट्रक ऑपरेटरों के हितों को सुरक्षित रखने में असमर्थ रही है। इसके चलते बीडीटीएस के खिलाफ ऑपरेटरों में रोष पनप चुका है।
बीडीटीएस प्रबंधन समिति सदस्य एवं पूर्व उपप्रधान नंदलाल ठाकुर, वरिष्ठ ऑपरेटर ध्यान सिंह ठाकुर ने बीडीटीएस प्रधान लेखराम वर्मा को मांग पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि प्रधान से शुक्रवार तक इस बारे स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है। बरमाणा पुकार हॉल में उक्त ऑपरेटरों ने कहा कि बीडीटीएस द्वारा ऑपरेटरों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। चहेतों को अच्छे स्टेशनों के गेटपास दिए जा रहे हैं। अवैध रूप से गेट पास आवंटित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किरतपुर में कोयले की डिमांड में भी भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। दर्जनों गाड़ियां किरतपुर से खाली ही आ रही हैं। कई गाड़ियां कोयला लेकर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेटरों को करीब एक माह से ढुलाई भाड़े की भी अदायगी नहीं की गई है। ऑपरेटरों के लाखों रुपये बीडीटीएस के पास फंस चुके हैं। उन्होंने बीडीटीएस से आग्रह किया है कि ऑपरेटरों की समस्याओं का समाधान किया जाए। बीडीटीएस प्रधान लेखराम वर्मा ने सभी आरोपों को निराधार करार दिया है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन समिति सदस्यों को यह मुद्दे कार्यकारिणी की बैठक या फिर दफ्तर में आकर उठाने चाहिए।

Related posts