आधा दर्जन हैंडपंप ठीक नहीं किए, तो आंदोलन

स्वारघाट (बिलासपुर)। आईपीएच महकमे की लेटलतीफी लोगों पर भारी पड़ रही है। स्वारघाट कस्बे में लगभग आधा दर्जन हैंडपंप लंबे समय से खराब पडे़ हुए हैं। वर्षों पहले लगे इन हैंडपंपों में अब पानी नहीं आ रहा, जिस वजह से लोगों को पेयजल के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर मुसाफिर यहां पहुंचते ही पानी के लिए हर रोज भटकते हुए देखे जा सकते हैं। आईपीएच की इस लापरवाही पर इलाके के लोगों ने तल्खी जताई है। लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द हैंडपंप ठीक नहीं करवाए गए, तो वह आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश हो जाएंगे।
स्वारघाट कस्बे के तहत एक्साइज बैरियर के समीप, धारभरथा, संतोषी माता मंदिर, तनबौल, हेलीपैड ठोड़ और ज्योरीपतन में बस ठहराव के नजदीक बने हैंडपंप लंबे अरसे से खराब चल रहे हैं। पिछले कई महीनों से आईपीएच इनकी मरम्मत नहीं कर रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हैंडपंपों की मरम्मत के बारे में शिकायत की गई, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। इलाकावासी बालक राम ठाकुर, सुखदेव शर्मा, चमन लाल, राजेश कुमार, विकास, प्रदीप शर्मा, अमरजीत, गुरदेव, राकेश शर्मा, रणजीत सिंह का कहना है कि कई हैंडपंप पिछले छह महीने से खराब चल रहे हैं। आईपीएच इन्हें दुरुस्त करने की जहमत नहीं उठा रहा। उन्होंने बताया कि स्वारघाट एक्साइज बैरियर के समीप लगा हैंडपंप दो महीने से खराब है। कई बार पर्यटक एवं अन्य यात्री पानी के लिए यहां पहुंचते हैं, तो उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोग भी हैंडपंपों के खराब होने के कारण परेशान हैं। पानी के लिए लोगों को दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही है। उधर, आईपीएच के अधिशाषी अभियंता पीसी ठाकुर ने कहा कि शिकायत के बावजूद हैंडपंप ठीक नहीं हुए है, तो इसकी छानबीन की जाएगी। जल्द ही हैंडपंपों को ठीक करने के बारे में अधिनस्थ अधिकारियों को आदेश दिए जाएंगे।

Related posts