खराब स्वास्थ्य के चलते अन्ना के अनशन में नहीं जाएंगे केजरीवाल

खराब स्वास्थ्य के चलते अन्ना के अनशन में नहीं जाएंगे केजरीवाल

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने खराब स्वास्थ्य के कारण रालेगण सिद्धि जाने की योजना टाल दी है। माना जा रहा था कि वह अन्ना हजारे को समर्थन देने के लिए वहां जाएंगे।

आप के प्रवक्ता मनीष सिसोदिया ने एक न्यूज एजेसी को बताया, ‘‘केजरीवाल को तेज बुखार है। इसके कारण वह हजारे को समर्थन देने के लिए रालेगण सिद्धि नहीं जा पाएंगे, जहां हजारे संसद में जनलोकपाल विधेयक को पारित कराने को लेकर दवाब के लिए अनिश्चतकालीन अनशन पर हैं।’’

उन्होंने बताया कि केजरीवाल के स्थान पर पार्टी नेता कुमार विश्वास, संजय सिंह और गोपाल राय रालेगण सिद्धि जा रहे हैं। एक जनसभा के दौरान कल केजरीवाल ने घोषणा की थी कि हजारे के आंदोलन को समर्थन देने के लिए वह और कुमार विश्वास रालेगण सिद्धि जाएंगे।

सिसोदिया ने बताया कि तेज बुखार के बावजूद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘आप’ की ऐतिहासिक जीत के बाद जनसभा को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि जनसभा खत्म होने के तुरंत बाद वह डॉक्टर के पास गए जिन्होंने उन्हें आराम करने की सलाह दी। स्वास्थ्य ठीक हो जाने पर हजारे को समर्थन देने के लिए केजरीवाल रालेगण सिद्धि जाएंगे।

Related posts