सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल ने की संघ की शिकायत

हमीरपुर। सरकारी स्कूल के एक प्रिंसिपल ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को एक शिकायत भेजी है। इसमें संघ के स्वयंसेवकों पर सरकार को बदनाम करने का आरोप लगाया है। यह प्रिंसिपल अध्यापक संघ के पदाधिकारी भी हैं। अमर उजाला के हाथ लगे शिकायत पत्र में मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा गया है कि एक मुख्य संसदीय सचिव को भी ये लोग मीडिया और कुछ स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बदनाम कर रहे हैं।
प्रिंसिपल ने लिखा है कि इसके बारे में वह पहले भी लिख चुके हैं। मसले को लेकर गंगू राम मुसाफिर, ठाकुर राम लाल और विक्रमादित्य को भी जानकारी दी गई है। मंडी लोकसभा चुनाव के दौरान आरएसएस समर्थकों (कार्यकर्ताओं) ने भाजपा के पक्ष में बैठकों का आयोजन किया और 2014 के लोकसभा चुनाव की तैयारियां कर रहे हैं। सरकारी पदों पर कार्यरत ये लोग सरकार की छवि खराब करने के साथ ही आपके नजदीकियों का मनोबल तोड़ने का काम कर रहे हैं। इन्हें एकदम ट्रांसफर किया जाए।
संभवतया चिट्ठी मुख्यमंत्री कार्यालय से आगामी कार्रवाई के लिए भी रवाना हो गई हो। पत्र में शिक्षा विभाग, एक अन्य विभाग में कार्यरत तीन दर्जन कर्मचारियों के नाम शामिल किए हैं और इनका संघ से संपर्क बताया गया है। सूची में शामिल नाम वाले लोग मंडी, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना जिलों में कार्यरत हैं। प्रिंसिपल साहब ने एसोसिएशन के लैटर हैड का उपयोग किया है, लेकिन एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारियों को जानकारी नहीं है।

Related posts