
पंडोह (मंडी)। हिमाचल भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पंडित शिव लाल का पंचायत जागर, सयोग और पंडोह पहुंचने पर व्यापार मंडल तथा स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बैंक को बुलंदियों तक ले जाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। किसानों के हितों की बैंक पूरी रक्षा करेगा। उन्होंने चिंता जताई किबैंक को बागवानों और किसानों से ऋण की राशि सही रूप से वापस नहीं आ रही। इसे वसूलने के भी प्रयास होंगे। इस अवसर पर पंडोह के लोगों ने पंडोह में बैंक की शाखा खोलने की मांग की। इस पर शिव लाल ने कहा कि पहले तहसील स्तर तक शाखा खोलने की योजना है। इसे प्राथमिकता दी जाएगी।
किसानों को भूमि सुधार के लिए कम ब्याज पर ऋण दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बागवानों और किसानों के हितैषी हैं। इस मौके पर भूमि विकास बैंक के निदेशक रवि ठाकुर, जिला प्रबंधक सोहन सिंह राणा, उपाध्यक्ष जगर सकलानी, व्यापार मंडल प्रधान कुलदीप आनंद, चेयरमैन वीआर सकलानी, कोषाध्यक्ष अश्वनी कुमार, पूर्व प्रधान हंसराज, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रताप राणा, मीरा गुप्ता और बलदेव राज मौजूद रहे।
