
सुंदरनगर (मंडी)। सर्दी बढ़ने के साथ ही सुंदरनगर में बिजली की आंख मिचौनी आरंभ हो गई है। बिजली की मांग बढ़ने से बोर्ड के ट्रांसफार्मरों का जलने का सिलसिला भी आरंभ हो गया है। सोमवार को भोजपुर स्थित एक ट्रांसफार्मर के जलने से दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक बिजली गुल रही। इस कारण अन्य क्षेत्रों में भी शाम के पांच बजे से सात बजे तक बिजली की आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सर्दियों के मौसम में विभाग द्वारा पहले से तैयारियां न करने से बार-बार यह समस्या सामने आ रही है। सुंदरनगर शहर और इसके साथ लगते क्षेत्र में करीब दस दिन से बिजली का तीसरा ट्रांसफार्मर जल गया। इस कारण लोगों को दिन भर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। स्थानीय निवासी सुरेश कुमार, पंकज, अमनदीप, अमृत पाल, शशी शर्मा, कुलवंत सिंह और सुनीता देवी ने बताया सुंदरनगर शहर में बिजली की आंख मिचौली से सुबह के समय बच्चों को स्कूल भेजने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुंदरनगर में एचपीएसईबीएल के सहायक अभियंता जीसी शांडिल्य ने बताया कि ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी से यह समस्या पेश आई है। इसे ठीक कर लिया है।
