डढंब पंचायत प्रधान पर 420 का मुकदमा

धर्मशाला। विकास खंड रैत के तहत डढंब पंचायत प्रधान के खिलाफ कोर्ट के आदेश के बाद 420 का मुकदमा दर्ज हुआ है। डढंब निवासी उधो राम ने मनरेगा के कुछ कार्यों में प्रधान की ओर से गड़बड़ी करने की शिकायत की थी। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंचायत प्रधान मधुबाला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामला 2009 का है, जब संबंधित पंचायत में कथित गड़बड़ी सामने आई थी। डढंब पंचायत की प्रधान पर मनरेगा के तहत होने वाले विकास कार्यों में गड़बड़झाले करने के आरोप हैं। साथ ही मनरेगा मजदूरों की हाजिरी से छेड़छाड़ करने और दो-दो हाजिरियां लगाने का भी आरोप है। पुलिस में दर्ज एफआईआर के मुताबिक मनरेगा के तहत 18 विकास कार्यों में दो-दो हाजिरियां लगाई गई हैं। इस पर यह कार्रवाई अमल में लाई गई है।
पुलिस ने पंचायत रिकॉर्ड कब्जे में लेकर फोरेंसिक लैब में जांच के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट आने के बाद प्रधान के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जिला कांगड़ा पुलिस के अतिरिक्त अधीक्षक मोहित चावला का कहना है कि कोर्ट के आदेशों के बाद रिकॉर्ड फोरेंसिक लैब भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद चालान कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ग्राम पंचायत प्रधान मधुबाला ने कहा कि उन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।

Related posts