
नालागढ़/ बददी (सोलन)। अब नौकरी बीबीएन में और रिहायश पड़ोसी राज्यों में नहीं चलेगी। जिला प्रशासन जल्द ही आठ किमी दायरे के भीतर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी रिहायश रखने के नियम को कड़ाई से लागू करने जा रहा है। इस संदर्भ में जल्द ही उपायुक्त कार्यालय से फरमान जारी करने वाले हैं।
वर्तमान में औद्योगिक हब बीबीएन के सरकारी महकमों में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मी बेशक अपनी ड्यूटी बजा रहे हैं लेकिन रिहायश इन्हाेंने ट्राई सिटी चंडीगढ़ में रखे हुए हैं। ऐसे में सरकार के आठ किलोमीटर दायरे के भीतर ही कर्मियों को अपनी रिहायश रखने के दावे पूरी तरह से खोखले साबित हो रहे हैं।
बड़े महकमों के कुछ अधिकारी एवं कर्मचारी नौकरी यहां अवश्य करते हैं लेकिन उन्होंने अपनी रिहायश पड़ोसी राज्य हरियाणा के पंचकूला, चंडीगढ़ एवंमोहाली आदि में रखी है और अधिकारी एवं कर्मचारी पंचकूला और चंडीगढ़ से ही अप डाउन करके ड्यूटी बजा प्रस्थान कर जाते हैं। हैरत की बात यह है कि किसी भी विभाग ने आज तक अपने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की है।
जिलाधीश मदन चौहान ने कहा कि सभी विभागों के उच्चाधिकारियों को आदेश जारी किए जाएंगे ताकि वह अपने अपने महकमों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर नजर रख सके और आदेशों की अवहेलना करने वाले कर्मियों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर कड़ा संज्ञान लिया जाएगा।
